
रांची : केंद्रीय चुनाव आयोग ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को एक माह का समय देने से इनकार कर दिया है. मुख्यमंत्री के आग्रह को स्वीकार करते हुए केंद्रीय चुनाव आयोग ने उनको सिर्फ दस दिनों का अलग से समय दिया है. इन दस दिनों में उनको जवाब देने को कहा गया है. इससे तत्काल फौरी तौर पर जरुर राहत मिल गयी है. आपको बता दें कि केंद्रीय चुनाव आयोग से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने एक माह का समय देने को कहा था क्योंकि उनकी मां रुपी सोरेन की तबीयत खराब है. इस नोटिस को खास मैसेंजर के माध्यम से मुख्यमंत्री ने भेजा था, जिसके बाद दस दिनों की राहत मुख्यमंत्री को दी गयी है. अब मुख्यमंत्री बुधवार को कैबिनेट की बैठक करने के बाद हैदराबाद मां से मिलने जा सकते है क्योंकि उनकी मां का 13 मई को ऑपरेशन होना संभव है. 2 मई को इलेक्शन कमीशन ने मुख्यमंत्री को नोटिस भेजते हुए 10 मई तक जवाब देने के लिए कहा था. चुनाव आयोग को जवाब देना था, लेकिन मुख्यमंत्री ने अपने सहयोगियों के साथ बैठक करने के बाद अपने विशेष दूत के माध्यम से रांची से नयी दिल्ली चुनाव आयोग भेजा और समय मांगने के आवेदन को रिसीव कराया है. बताया जाता है कि अब समय के साथ मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन फिर से हैदराबाद चले जायेंगे. 11 मई को कैबिनेट की बैठक होगी, जिसके बाद वे कैबिनेट की बैठक में भाग लेकर सीधे रांची से फिर से हैदराबाद चले जायेंगे, जहां 13 मई को मां का ऑपरेशन होने वाला है.





