
रांची : झारखंड राज्य स्थापना के 25वें गौरवशाली वर्ष के उपलक्ष्य में मुख्यमंत्री आवासीय परिसर में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा जन-जागरूकता हेतु संचालित प्रचार वाहनों के “फ्लैग ऑफ़ कार्यक्रम” का आयोजन किया गया. मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन एवं उनकी पत्नी विधायक कल्पना सोरेन ने प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. ये प्रचार वाहन राज्य के सभी जिलों, प्रखंडों एवं गांवों में भ्रमण कर झारखंड की 25 वर्षों की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी जन-जन तक पहुंचाएंगे. इन वाहनों के माध्यम से युवाओं, महिलाओं, किसानों तथा समाज के सभी वर्गों को राज्य के समेकित विकास में भागीदारी हेतु प्रेरित किया जाएगा. मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने इस अवसर पर समस्त राज्यवासियों को रजत जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि 25 वर्षों की यह यात्रा झारखंड के आत्मगौरव और उन्नति की गाथा है. उन्होंने कहा कि जिस संकल्पना के साथ यह राज्य बना था, उसे और गति देने के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है. (नीचे भी पढे़ं)

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि रजत जयंती के साथ ही हम सभी भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती भी मनाएंगे, जो झारखंड के आदिवासी-मूलवासी समाज के लिए गर्व और प्रेरणा का अवसर है. कार्यक्रम के दौरान झारखंड की विविध संस्कृति, परंपरा और समृद्धि की मनमोहक झलकियां प्रस्तुत की गईं. पारंपरिक लोकनृत्य, लोकगीत और झारखंडी वाद्य यंत्रों की मधुर धुनों ने कार्यक्रम को जीवंत बना दिया. राज्य के कला, संस्कृति और लोकजीवन से जुड़े विभिन्न समूहों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से झारखंड की सांस्कृतिक विरासत और एकता के संदेश को उजागर किया. इस मौके पर दुमका के संताली बैंड सहित स्थानीय लोककलाकारों ने सम्मोहक प्रस्तुति दी. इस अवसर पर मुख्य सचिव अविनाश कुमार, उपायुक्त, रांची मंजूनाथ भजंत्री,सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के निदेशक राजीव लोचन बख्शी सहित जनसंपर्क विभाग के पदाधिकारीगण एवं अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे. (नीचे भी पढे़ं)

राज्यपाल को दिया गया आमंत्रण
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने राज भवन में शिष्टाचार भेंट की. इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 15 नवम्बर को मोरहाबादी, रांची में आयोजित होने वाले ‘राज्य स्थापना दिवस समारोह’ में राज्यपाल को मुख्य अतिथि के रूप में पधारने हेतु सादर आमंत्रण दिया. इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने झारखण्ड विधानसभा द्वारा पारित “झारखण्ड सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (विशेष छूट) विधेयक, 2025” को स्वीकृति प्रदान करने के लिए राज्यपाल के प्रति आभार व्यक्त किया. भेंट वार्ता के दौरान राज्य के समग्र विकास, निवेश संवर्धन, औद्योगिक विस्तार तथा जनहित से संबंधित अन्य विषयों पर भी विस्तृत चर्चा हुई. (नीचे भी पढे़ं)

रन फॉर झारखंड में लिया हिस्सा
राज्य स्थापना के 25वें गौरवशाली वर्ष के अवसर पर झारखंड की राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान स्थित बापू वाटिका से “रन फॉर झारखंड” कार्यक्रम का आयोजन किया गया. मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने एकता, ऊर्जा और उत्साह के साथ इस कार्यक्रम को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और झारखंड रजत जयंती कार्यक्रमों एवं धरती आबा भगवान् बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती कार्यक्रमों के श्रृंखला की शुरुआत की. मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने इस अवसर पर राज्यवासियों को झारखंड स्थापना दिवस की हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि मैं उन सभी महान आत्माओं को नमन करता हूं जिनके लंबे संघर्ष, कुर्बानी और शहादत से इस राज्य की पहचान बनी है. झारखंड का यह 25वां वर्ष गौरव, संकल्प और विकास का प्रतीक है. (नीचे भी पढे़ं)
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि “रन फॉर झारखंड” के माध्यम से हम राज्य के प्रति अपनत्व, एकता और विकास की भावना को मजबूती देना चाहते हैं. राज्य स्थापना की यह रजत जयंती 15 नवम्बर को पूरे उत्सवपूर्ण माहौल में मनाई जाएगी. इस अवसर पर मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, राज्यसभा सांसद महुआ माजी, विधायक सीपी सिंह, विधायक कल्पना सोरेन, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, सचिव मनोज कुमार समेत कार्यक्रम में प्रशासनिक पदाधिकारी, विद्यार्थी, खिलाड़ी और आम नागरिक उपस्थित रहे.



