जमशेदपुर : झारखंड राज्य के 26वें स्थापना दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय में महाराणा प्रताप चौक से स्वर्णरेखा घाट तक ‘रन फॉर क्लीनलिनेस ’ का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय एवं जमशेदपुर पूर्वी के विधायक पूर्णिमा साहू की गरिमामयी उपस्थिति रही. उपायुक्त राजीव रंजन, उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान, एसडीएम धालभूम अर्नव मिश्रा सहित जिला प्रशासन के अन्य पदाधिकारियों एवं कर्मियों, विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, शहर के नागरिकों, खिलाड़ियों एवं प्रबुद्धजनों ने उत्साहपूर्वक इस कार्यक्रम में भाग लिया. इस अवसर पर उपायुक्त राजीव रंजन ने समस्त जिलावासियों को झारखंड राज्य के 26वें स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य स्थापना दिवस हमारे लिए गौरव, उत्साह और संकल्प का अवसर है. (नीचे भी पढ़े)

स्वच्छ्ता हमारे जीवन में तो महत्वपूर्ण है ही, छठ पर्व में भी इसकी महत्ता है, इसी के मद्देनजर राज्य सरकार द्वारा किसी प्रमुख चौक-चौराहे से छठ घाट तक इस दौड़ का आयोजन और छठ घाट की साफ- सफाई का निर्णय लिया गया. स्वच्छ शहर एवं स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए जनभागीदारी आवश्यक है. उन्होंने सभी नागरिकों से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने, सार्वजनिक स्थलों को साफ रखने तथा स्वच्छता को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने की अपील की. विधायक सरयू राय ने कहा कि स्वच्छता अभियान को केवल एक दिन के कार्यक्रम तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि इसे जन-आंदोलन का स्वरूप देना जरूरी है. शहर की नदियों, घाटों एवं सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है.(नीचे भी पढ़े)

उन्होंने नागरिकों से स्वच्छता के प्रति जागरूक एवं जिम्मेदार व्यवहार अपनाने की अपील की. विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि स्वच्छता का सीधा संबंध हमारे स्वास्थ्य, पर्यावरण एवं जीवन की गुणवत्ता से है. ऐसे आयोजनों से समाज के सभी वर्गों, विशेषकर युवाओं और विद्यार्थियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ती है. उन्होंने सभी से स्वच्छता के संकल्प को अपने व्यवहार में उतारने का आह्वान किया. ‘रन फॉर क्लीनलिनेस ’ के समापन पर सभी प्रतिभागी स्वर्णरेखा घाट पहुंचे, जहां सामूहिक रूप से स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई की गई. इस दौरान स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया. (नीचे भी पढ़े)

उपस्थित जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों एवं नागरिकों ने हस्ताक्षर कर स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की तथा सामूहिक रूप से स्वच्छता की शपथ ली. कार्यक्रम के माध्यम से जिलावासियों को स्वच्छता अपनाने, कचरे का उचित निस्तारण करने तथा अपने शहर और पर्यावरण को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने का संदेश दिया गया.












