गढ़वा : जिले के गढ़वा थानांतर्गत उड़सुग्गी गांव में मंगलवार दोपहर एक डोभा में डूबने से चार मासूम बच्चों की मौत हो गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चारों बच्चे घर से खेलने के लिए निकले थे. इसी दौरान वे गांव के पास एक डोभा के बगल में बने गड्ढे के पानी में नहाने लगे. गड्ढा गहरा होने के कारण सभी उसमें डूब गए. गांव वालों को इस हादसे की जानकारी मिलने तक बहुत देर हो चुकी थी. (नीचे भी पढ़ें)

सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर सभी बच्चों को पानी से निकाला और तुरत सदर अस्पताल ले गए. लेकिन वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद सभी को मृत घोषित कर दिया. मृतकों में अवधेश राम का बेटा लक्की कुमार (8 वर्ष), संतोष राम का बेटा अक्षय कुमार (12 वर्ष), बाबूलाल चंद्रवंशी का बेटा नारायण चंद्रवंशी (16 वर्ष) एवं हरिओम चंद्रवंशी (13 वर्ष) शामिल हैं. घटना की सूचना मिलते ही एसडीओ संजय कुमार सदर अस्पताल पहुंचे और परिजनों से मिलकर घटना की जानकारी ली. इस घटना से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और सभी की आंखें नम हैं. (नीचे भी पढ़ें)
उड़सुग्गी पंचायत के पूर्व मुखिया अखिलेश उरांव ने बताया कि मिट्टी निकालने के बाद वहां पर गड्ढा बन गया था. उसी गड्ढे में नहाने के दौरान डूबने से चार बच्चों की मौत हो गई है. भाजपा नेता ने बताया कि रोड बना रही कंपनियों के द्वारा मिट्टी निकाले जाने की वजह से गड्ढा बना था, जिसकी वजह से बच्चों की जान गई है.



