गिरिडीह: झारखंड के गिरिडीह जिले में दो आदिवासी नाबालिग लड़कियों के साथ सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है. यह घटना पीरटांड़ थाना क्षेत्र के हरलाडीह इलाके में रविवार रात की है. पुलिस के अनुसार, दोनों लड़कियां गांव में लगे एक मेले से अपने घर लौट रही थीं. इसी दौरान छह से सात अज्ञात लोगों ने उन्हें जबरन अगवा कर पास के एक खेत में ले जाकर उनके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया.(नीचे भी पढ़े)
हरलाडीह चौकी प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि पीड़िताओं की माताओं के बयान के आधार पर इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं.डुमरी के अनुमंडल पुलिस अधिकारी सुमित प्रसाद ने कहा कि दोनों पीड़िताओं की मेडिकल जांच करा ली गई है. उन्होंने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस का दावा है कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.



