हजारीबाग : हजारीबाग जिले के चुरचू प्रखंड क्षेत्र में पांच हाथियों के झुंड ने छह लोगों की जान ले ली है. प्रखंड की अंगो पंचायत क्षेत्र में गुरु-शुक्रवार की आधी रात में आए हाथियों ने दहशत में भागते ग्रामीणों को कुचल डाला. मृतकों में एक ही परिवार के चार लोग शामिल हैं. (नीचे भी पढ़ें)
बताया जाता है कि पांच हाथियों का झुंड गुरु-शुक्रवार की आधी रात में हजारीबाग जिले के की अंगो पंचायत क्षेत्र में पहुंच गया. हाथियों के अचानक आ धमकने के कारण आधी रात में गांव में अफरा-तफरी मच गई. हाथियों का झुंड सीधे गोंडवार बस्ती में घुस गया. इस बस्ती में अधिकतर भुइयां समाज के घर हैं. हाथियों के झुंड को देखकर लोग जान बचाने के लिए घरों से बाहर निकल कर भागने लगे. इसी दौरान हाथियों ने ग्रामीणों पर हमला शुरू कर दिया और छह लोगों को दौड़ा-दौड़ा कर मार डाला. (नीचे भी पढ़ें)
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाथी किसी को सूंड से उठाकर पटक रहे थे तो किसी को पैरों से कुचल रहे थे. इस दौरान पूरे इलाके में चीख-पुकार मच गई. इस दौरान हाथियों ने कई कच्चे मकान भी क्षतिग्रस्त कर डाले. इस घटना में दो बच्चों, दो महिलाओं और दो पुरुषों की मौत हो गई. इस घटना की सूचना मिलने पर अंगो थाने की पुलिस और वन विभाग के रेंजर व फॉरेस्टर मौके पर पहुंचे. इस घटना को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है.







