मेदिनीनगर : पलामू जिले की सभी पंचायतों के मुखियों की स्कूलों के सुचारू संचालन में अहम भूमिका है. मुखिया अपने क्षेत्र के स्कूलों का भ्रमण करें एवं बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दिलाने में अपनी भूमिका का निर्वाह करें. मुखिया अपना महत्व समझें और स्कूलों एवं गांव-गांव में शिक्षा का माहौल तैयार करें, बच्चों को स्कूल लाने के लिए बच्चों एवं उनके अभिभावकों को प्रेरित करें. बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन एवं उनकी उपस्थिति सुनिश्चित कराने का संकल्प लें. इसके लिए सकारात्मक प्रयास के साथ आदर्श पंचायत बनाने का कार्य करें. बच्चों में शिक्षा के लिए उत्सुकता जगाने और उनके बीच छोटी-छोटी गतिविधियां कराकर उत्साहवर्धन के लिए उन्हें पुरस्कृत करने की व्यवस्था करें. शिक्षा ग्रहण कर बच्चे बड़ी ऊंचाइयों को छू सकेंगे. उक्त बातें पलामू के उपायुक्त शशि रंजन ने शुक्रवार को पलामू झारखंड शिक्षा परियोजना की ओर से स्थानीय टाउन हॉल में आयोजित जिला स्तरीय मुखिया सम्मेलन में बोल रहे थे. (नीचे भी पढ़ें)
डीसी ने कहा कि मुखिया 15वें वित्तीय आयोग की राशि से स्कूल में पानी, बिजली, रंग-रोगन, स्कूलों में फूल-पौधे, किचन गार्डेन आदि मूलभूत सुविधाएं प्रदान कर पढ़ाई का बेहतर माहौल तैयार कर सकते हैं. उन्होंने कहा कि मुखिया सक्रियता से क्लास रूम की कमियों, स्कूल परिसर के अतिक्रमण, जर्जर भवनों एवं शिक्षा को बढ़ावा देने में आ रही कठिनाइयों एवं कमियों से अवगत कराएं, ताकि उनका निदान कर जिले में शैक्षणिक माहौल तैयार किया जा सके. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने बच्चों को व्यावसायिक शिक्षा के तहत कृषि, पशुपालन, वैज्ञानिकी एवं अन्य तकनीकी जानकारी उपलब्ध कराने के लिए तैयार की जा रही कार्ययोजना की जानकारी दी. इससे पूर्व उपायुक्त ने मुखियों से द्विपक्षीय संवाद करते हुए बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मुहैया कराने की दिशा में उनके द्वारा किए गए प्रयासों, स्कूलों के पर्यवेक्षण/अनुश्रवण, स्कूलों में संसाधन/सुविधा को मजबूत करने के लिए किए गए प्रयासों, अभिभावक- शिक्षक मीटिंग में समाज की सहभागिता आदि बिन्दुओं की जानकारी ली. सम्मेलन में मुखियो ने स्कूलों के उत्थान में अपनी सहभागिता की जानकारी दी, साथ ही, शिक्षा को बेहतर बनाने की दिशा में आ रही कठिनाइयों से उपायुक्त को अवगत कराते हुए उन्हें दूर कराने की ठोस पहल करने की मांग भी की. (नीचे भी पढ़ें)
उप विकास आयुक्त शब्बीर अहमद ने विकास कार्यों एवं सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं को आम आदमी तक पहुंचाने में मुखियों की भूमिका पर प्रकाश डाला. सम्मेलन के तहत उप विकास आयुक्त एवं अन्य अतिथियों ने मुखियों को मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित भी किया.



