जमशेदपुर : भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष किसलय तिवारी ने रविवार को राज्य की हेमंत सोरेन सरकार को देश की सबसे निकम्मी, युवा विरोधी एवं रोजगार विरोधी सरकार करार दिया है. भाजपा प्रदेश मुख्यालय में पत्रकारों को संबोधित करते हुए श्री तिवारी ने कहा कि मुंगेरीलाल के हसीन सपने दिखाकर सत्ता में आई हेमंत सरकार को झारखंड का हर युवा भलीभांति पहचान चुका है. उन्होंने कहा कि भारतीय जनता युवा मोर्चा राज्य के नौजवानों के हर संघर्ष में साथ देने के लिए कटिबद्ध है, चाहे नियोजन का मामला हो या नियुक्ति नियमावली का, हम नौजवान संघर्ष से पीछे नहीं हट सकते हैं. उन्होंने कहा कि हेमन्त सरकार झारखंडी युवाओं को छलावा दे दी है, पर अब यह संभव नहीं है.(नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने कहा कि आज एक बार पुनः हेमंत सरकार ने राज्य के युवाओं के बड़े तबके को नजर अंदाज करने का काम किया है. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने हाल ही शिक्षक नियुक्ति का विज्ञापन निकाला है, परंतु यह दुर्भाग्य है कि इसमें भी लगभग ढाई लाख प्रशिक्षित एवं सीटेट उत्तीर्ण युवा परीक्षा में शामिल होने से वंचित रह जाएंगे. 2016 के बाद झारखंड टेट की परीक्षा नहीं हुई है, परंतु यह दुर्भाग्य है कि राज्य सरकार सीटेट उत्तीर्ण युवाओं को अवसर नहीं दे रही है. झारखंड के बहुत सारे नौजवान बीएड एवं डीएलएड की डिग्री होने के बावजूद शिक्षक भर्ती परीक्षा में शामिल होने से वंचित हो गये हैं. वर्ष 2016 के बाद से अब तक झारखंड में शिक्षक पात्रता परीक्षा नहीं ली गई है.(नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने कहा कि ।7 वर्षों में लगभग ढाई लाख अभ्यर्थी बीएड एवं डी एल एड कर के टेट का इंतजार कर रहे थे, इसमें झारखंड के आदिवासी- मूलवासी युवा अपनी मेधा के बल पर सीटेट उत्तीर्ण हो चुके हैं. वर्तमान में जो 26001 पदों पर शिक्षकों की नियुक्ति की प्रक्रिया का विज्ञापन निकाला गया है, इस विज्ञापन से स्पष्ट है कि राज्य में टेट नहीं होने के कारण सीटेट उत्तीर्ण करने वाले मेधावी झारखंडी युवा शिक्षक बनने से हेमंत सोरेन सरकार रोक रही है. जबकि एनसीटीई के प्रावधान के अनुसार ये ढाई लाख युवा शिक्षक बनने के योग्य हैं, परंतु सत्ता के नशे में मदहोश राज्य सरकार उन्हें परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं दे रही है. उन्होंने भाजयुमो की ओर से मुख्यमंत्री से मांग की कि अविलंब विज्ञापन में संशोधन कर सीटेट उत्तीर्ण झारखंडी युवाओं को शिक्षक नियुक्ति परीक्षा में शामिल होने का मौका दिया जाय. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अगर राज्य के युवाओं को धोखा देने का प्रयास करेंगे तो भाजयुमो चुप नहीं बैठेगा, इसके खिलाफ आंदोलन को मजबूर होगा. पत्रकार वार्ता में प्रदेश उपाध्यक्ष निशांत कुमार, सत्यदेव मुंडा, सूर्यप्रभात भी उपस्थित थे.




