रांची : झारखंड की राजधानी रांची जी-20 समिट के लिए तैयार हो रही है. आगामी 2 एवं 3 मार्च को रांची में जी-20 का समिट होना है, आगामी 2 मार्च को स्थानीय ब्लू रेडिशन होटल में जी-20 के प्रतिनिधियों का शिखर वार्ता होगी, जबकि 3 मार्च को डेलिगेट पतरातू घूमने जायेंगे. वैसे शिखर वार्ता के लिए विदेशी प्रतिनिधियों का पहुंचना मंगलवार को शुरू हो रहा है. (नीचे भी पढ़ें)
सूचना के अनुसार अभी तक शिखर वार्ता में शामिल होनेवाले 21 प्रतिनिधियों के नाम विभाग को सौंपे गये हैं. वैसे पूरे मेहमान प्रतिनिधियों की सूची बुधवार, 1 मार्च तक उपलब्ध हो जाने की उम्मीद है. अब तक मिली सूचना के अनुसार बांग्लादेश, मॉरीशस, नीदरलैंड, नाइजीरिया, ओमान, सिंगापुर, स्पेन एवं संयुक्त अरब अमीरात के प्रतिनिधियों के शिखर वार्ता के लिए रांची पहुंचने की उम्मीद है. (नीचे भी पढ़ें)
रांची नगर निगम ने शिखर वार्ता को लेकर सारी तैयारियां पूरी कर ली हैं एवं तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है. रांची नगर निगम ने इसको लेकर 7 अलग-अलग टीमें गठित की हैं, जिनमें बिजली, पानी, स्वास्थ्य, अतिक्रमण हटाने आदि के लिए अलग-अलग टीमें काम कर रही हैं. नगर निगम ने शहर के डिवाइडरों पर फूल-पौधे युक्त गमले लगाये हैं, साथ ही पूरे शहर की दीवारों को सोहराई पेंटिंग से सजाकर झारखंडी कला-संस्कृति को प्रदर्शित करने का प्रयास किया गया है. शहर में दिन में दो बार कचरा उठाव किया जा रहा है. (नीचे भी पढ़ें)
उधर एयरपोर्ट से अरगोड़ा चौक होते हुए होटल रेडिशन ब्लू एवं होटल रेडिशन ब्लू से अरगोड़ा चौक होते हुए कांके रोड को विशेष रूप से सजाया गया है. बिजली के खंभों को रोप लाइटों एवं नियोन लाइटों से रौशन किया गया है. इस दौरान विधि-व्यवस्था बनाये रखने के लिए पांच आइपीएस अधिकारियों के साथ करीब 700 अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गयी है, जिसमें 200 पदाधिकारी एवं 500 जवान शामिल हैं. वहीं सोमवार को बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर एंटी टररिस्ट स्क्वाड (एटीएस) की एक टीम ने भी मॉक ड्रिल किया, जिसमें एटीएस के साथ सीआइएसएफ की टीम ने संयुक्त रूप से हिस्सा लिया.



