रांची : राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन की अध्यक्षता में मंगलवार को राजभवन में सैनिक कल्याण बोर्ड के मैनेजिंग कमिटी की बैठक हुई. राज्यपाल ने उक्त अवसर पर मैनेजिंग कमिटी के गठन नहीं होने के कारण अगस्त, 2020 के बाद से बैठक नहीं होने पर आश्चर्य व दुःख प्रकट किया. उन्होंने निदेशित किया कि प्रत्येक 6 माह में सैनिक कल्याण बोर्ड की मैनेजिंग कमिटी की बैठक हो. राज्यपाल द्वारा बैठक में सैनिक कल्याण बोर्ड द्वारा सैनिकों के कल्याणार्थ किए जाने वाले विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई. राज्यपाल द्वारा पूर्व सैनिकों को भगवान तुल्य बताया गया तथा कहा गया कि उनके आश्रितों को किसी प्रकार की कठिनाई नहीं हो, यह सुनिश्चित करने का प्रयास हो. (नीचे भी पढ़ें)
राज्यपाल ने कहा कि पूर्व सैनिकों को सभी प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु विस्तृत डाटाबेस तैयार किया जाये, जिसमें उनके परिवार की अहम आवश्यकता का उल्लेख भी हो. बैठक में कहा गया कि राज्य सरकार द्वारा प्रत्येक वर्ष सैनिक कल्याण बोर्ड हेतु वार्षिक अनुदान राशि उपलब्ध कराया जायेगा. साथ ही बैठक में यह भी कहा गया कि पूर्व सैनिकों के आश्रितों को राज्य सरकार के नौकरियों में क्षैतिज आरक्षण दिये जाने पर राज्य सरकार द्वारा समीक्षा की जायेगी. उक्त अवसर पर यह भी कहा गया कि महात्मा गांधी मार्ग स्थित सैनिक मार्केट परिसर के सौंदर्यीकरण एवं विकास हेतु परामर्शी की सेवाएँ प्राप्त की जायेगी. बैठक में मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, राज्यपाल के प्रधान सचिव डॉ नितिन कुलकर्णी, प्रधान सचिव, वित्त विभाग अजय सिंह, प्रधान सचिव, गृह विभाग वंदना डाडेल समेत सैनिक कल्याण बोर्ड के पदाधिकारीगण उपस्थित थे.











