रांची : पूरा झारखंड शीतलहर की चपेट में आ चुका है. यहीं वजह है कि स्कूलों में छुट्टी दी गयी है. अब तक 6 जनवरी तक छुट्टी दी गयी थी, लेकिन झारखंड सरकार के स्कूली शिक्षा और साक्षरता विभाग की अपर सचिव सीमा पुष्पा की ओर से नया सरकुलर जारी किया गया है, जिमसें कहा गया है कि शीतलहर और ठंड के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए राज्य में संचालित सभी कोटि के सरकारी, गैर सरकारी, सहायता प्राप्त, गैर सहायता प्राप्त, अल्पसंख्यक सहित और सभी निजी स्कूलों में 6 से 8 जनवरी तक के लिए प्री नर्सरी के साथ साथ नर्सरी से 12वीं कक्षाएं तक बंद रहेंगी. सभी कोटि के सरकारी स्कूलों में कार्यरत शिक्षक और शिक्षकेत्तर कर्मचारी उपरोक्त अवधि में अपनी उपस्थिति दर्ज करते हुए गैर शैक्षणिक कार्य का निष्पादन करने का आदेश दिया गया है. (नीचे भी पढ़ें)
यह भी कहा गया है कि अगर उक्त अवधि में किसी स्कूल में प्री बोर्ड परीक्षा आयोजित है तो सक्षम प्राधिकार अपने विवेकानुसार परीक्षा संचालन के लिए फैसला ले सकते है. इसको लेकर विभागीय सचिव का अनुमोदन भी मिल चुका है. लिहाजा, 8 जनवरी तक स्कूलों को बंद करने का आदेश दिया गया है.















