जमशेदपुर: निजी स्कूलों में फीस वृद्धि और कथित उगाही के विरोध में झारखंड शिक्षा उत्थान समिति ने आंदोलन तेज कर दिया है. समिति की ओर से बुधवार से पोस्टकार्ड हस्ताक्षर अभियान और भिक्षाटन कार्यक्रम की शुरुआत की गई. अभियान का शुभारंभ चंद्रगुप्ता सिंह ने किया. इस दौरान बड़ी संख्या में अभिभावक और समिति के सदस्य मौजूद रहे. समिति के क्रांति सिंह ने कहा कि निजी स्कूलों द्वारा लगातार फीस बढ़ाए जाने से अभिभावकों पर आर्थिक बोझ बढ़ता जा रहा है. इसे लेकर राज्यभर में जनजागरण अभियान चलाया जाएगा. (नीचे भी पढ़े)
उन्होंने बताया कि करीब दो लाख पोस्टकार्ड पर हस्ताक्षर कर सरकार तक अभिभावकों की आवाज पहुंचाई जाएगी. वहीं भिक्षाटन कार्यक्रम के माध्यम से भी विरोध दर्ज कराया जाएगा. समिति ने सरकार से निजी स्कूलों की फीस संरचना पर नियंत्रण लगाने और अभिभावकों को राहत देने की मांग की है. समिति के सदस्यों ने कहा कि अभियान के तहत पैदल यात्रा निकालकर मुख्यमंत्री को हस्ताक्षरयुक्त पोस्टकार्ड सौंपे जाएंगे, ताकि अभिभावकों की समस्याओं से सरकार को अवगत कराया जा सके.







