
रांची : झारखंड में अनलॉक करने को लेकर अब तक सरकार ने कोई फैसला नहीं लिया है. यह उम्मीद की जा रही थी कि मंगलवार को कपड़ा, जूता, स्पा और सैलून जैसे चीजों को खोलने की इजाजत दी जायेगी. इसको लेकर व्यापारी वर्ग भी इंतजार कर रहा था, लेकिन राज्य सरकार ने सोमवार को यह साफ कर दिया कि जिस तरह से संक्रमण बढ़ रहा है, उसको देखते हुए अभी फिलहाल लॉकडाउन में सीधे तौर पर रियायत देना थोड़ा जोखिम भरा होगा. वैसे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने देर शाम को हुई मीटिंग के बाद मीडिया को साफ किया है कि 16 और 17 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मुख्यमंत्रियों की बातचीत होगी. इस बातचीत के बाद ही किसी तरह का कोई फैसला लिया जायेगा. वैसे उन्होंने यह कहा कि अभी कपड़ा, जूता, स्पा या सैलून को लेकर कोई फैसला नहीं लिया गया है. हेमंत सोरेन ने यह जरूर कहा कि अभी प्रधानमंत्री की बातों को सुन लेंगे, जिसके बाद ही इसको अमल में लाया जायेगा क्योंकि बड़े पैमाने पर प्रवासी मजदूर आये है. इन सारे प्रवासी मजदूरों को व्यवस्थित कर लेने के साथ ही टेस्टिंग का काम पूरा हो जाने का भी इंतजार किया जा रहा है. जहां तक पूजा-पाठ की बात है तो अभी किसी तरह का फैसला हड़बड़ी में नहीं लिया जायेगा. प्रधानमंत्री से बातचीत करने के बाद फिर से पुर्नसमीक्षा करने के बाद ही इस पर फैसला लिया जायेगा. आपको बता दें कि राज्य सरकार ने कई सेवाओं को शुरू कर दिया है लेकिन कई काम अभी ऐसे है, जिसको शुरू करने की इजाजत नहीं दी गयी है. खास तौर पर कपड़ा, जूता, स्पा और सैलून संचालित करने वाले परेशान है क्योंकि उनकी रोजी रोटी की समस्या उत्पन्न हो गया है. कारोबार पर ही प्रतिकूल असर पड़ रहा है. इससे परेशानी काफी ज्यादा बढ़ रही है.






