
रांची : झारखंड विधानसभा का शीतकालीन सत्र 16 दिसंबर गुरुवार से शुरू होने जा रहा है. इस सत्र में पांच दिनों का कार्यदिवस होगा. 16 दिसंबर से 22 दिसंबर तक शीतकालीन सत्र में सिर्फ पांच दिन ही कामकाज होगा. पहला दिन राज्यपाल का अभिभाषण हो सकता है, वैसे अब तक इसको तय नहीं किया गया है. 16 और 17 दिसंबर को कामकाज होगा. 18 और 19 दिसंबर शनिवार और रविवार होगा, जिस कारण कोई कामकाज नहीं होगा. इसके बाद 20, 21 और 22 दिसंबर को कामकाज होगा. इस दौरान भाजपा कई मुद्दों पर सरकार को घेर सकती है. सदन में नमाज कक्ष को लेकर हंगामा हो सकता है जबकि भाजपा जेपीएससी के मुद्दे पर सरकार को घेरने की कोशिश करेगी, जो अभी सबसे ज्वलंत मुद्दा है. भाजपा ने पहले ही अपनी मंशा जाहिर कर दी है कि वे लोग क्या करने वाले है क्योंकि वे लोग सर्वदलीय बैठक का बहिष्कार करेंगे. भाजपा अपने विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी को मान्यता देने के मुद्दे पर भी बवाल काट सकता है. सरकार की ओर से कोशिश होगी कि कई महत्वपूर्ण बिल को पारित कराया जा सके. इस दौरान एंटी मॉब लिंचिंग बिल को सरकार ला सकती है, जिसको पारित कराया जा सकता है. इसके अलावा दूसरा अनुपूरक बजट भी पेश किया जा सकता है, जिसको लेकर अतिरिक्त चर्चा का प्रस्ताव भी दिया गया है. दूसरी ओर, 11 विधायकों ने विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो को 11 विशेषाधिकार हनन का नोटिस दिया है. इन सारे नोटिस को लेकर भी कार्रवाई की जायेगी.





