
जमशेदपुर : टाटा स्टील की शत-प्रतिशत सब्सिडियरी वाली कंपनी टाटा स्टील यूटिलिटीज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी लिमिटेड (पहले जुस्को) की अधीकृत यूनियन जुस्को श्रमिक यूनियन विवाद की लंबित सुनवाई जल्द ही हाईकोर्ट में पूरी होने वाली है. इस आहट के साथ एक बार फिर यूनियन आफिस में हलचल बढ़ गई है. यूनियन अध्यक्ष रघुनाथ पांडेय की ओर से सोमवार को कमेटी मीटिंग बुलाई गई थी जिसमें यूनियन के कमेटी मेंबर शामिल हुए. इस दौरान रघुनाथ पांडेय ने कमेटी मेंबरों को बताया की हाईकोर्ट में चल रहे मामले की सुनवाई जल्द पूरी होने वाली है. साथ ही अन्य मुद्दों पर कमेटी मेंबरों के साथ विचार विमर्श किया. मालूम हो कि यूनियन चुनाव के दौरान हुए एजीएम की वैधता पर यूनियन के पूर्व महामंत्री एसएल दास ने सवाल उठाया जिसे सही मानते हुए उपश्रमायुक्त ने कार्रवाई की प्रक्रिया शुरु किया तो रघुनाथ पांडेय डीएलसी के खिलाफ हाईकोर्ट पहुंच गए कि यूनियन के आंतरिक मामले में डीएलसी को हस्तक्षेप का अधिकार नहीं है. यह मामला फरवरी, 2020 से कोर्ट में लंबित है. इस कारण प्रबंधन यूनियन से वार्ता किए बगैर ही बोनस, ग्रेड जैसे मुद्दों पर एकतरफा फैसला ले रहा है. वहीं कर्मचारीहित में कई मामले लंबित है. वहीं पूर्व महामंत्री एसएल दास ने कहा कि रघुनाथ पांडेय खुद सत्ता पर काबिज रहने के कारण कोर्ट कचहरी में यूनियन को उलझा कर रखे हैं. कर्मचारी सब समझ रहे हैं चुनाव के समय समुचित जवाब अवश्य देंगे.




