
चाकुलिया : चाकुलिया नगर पंचायत कार्यालय और प्रखंड कार्यालय जाने वाली मुख्य सड़क के किनारे स्वच्छता की धज्जियां उड़ रही हैं. सड़क किनारे ही मुर्गियों के पंख बिखरे पड़े हैं. वाहन के गुजरने पर मुर्गियों के पंख उड़ कर राहगीरों के शरीर पर गिरते हैं. विदित हो की चाकुलिया नगर वासियों द्वारा कई बार नगर पंचायत कार्यालय में कार्यपालक पदाधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपकर बाजार क्षेत्र से मुर्गियों की दुकान हटाने की मांग की जा चुकी है, परंतु अब तक इन दुकानों को हटाया नहीं गया है. दुकानदारों द्वारा दिन भर मुर्गियों को काटकर बेचने के पश्चात कचड़ा और मुर्गियों के पंख रात के अंधेरे में सड़क किनारे डाल दिया जाता हैं. सफाई कर्मियों द्वारा लगातार सफाई नहीं किए जाने के कारण सड़क किनारे पड़े मुर्गियों के पंख सड़ गलकर दुर्गंध से लोग परेशान हैं वहीं वाहन गुजरते ही पंख उड़कर राहगीरों के शरीर पर गिरते है. स्वच्छता की दिशा में विभाग द्वारा पहल नहीं की जा रही है इससे लोगों में विभाग और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ रोष व्याप्त है .इसी सड़क मार्ग से रोजाना दर्जनों भक्त चाकुलिया के प्रसिद्ध नागा बाबा मंदिर जाते हैं मुर्गियों के पंख बिखरे होने से भक्तों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ता है.



