भुवनेश्वर : ओडिशा के कटक स्थित एससीबी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के ट्रॉमा केयर विभाग में सोमवार तड़के भीषण आग लग गई. इस आग में कम से कम दस लोगों के मारे जाने की आशंका है. जिन दस लोगों की मौत की सूचना मिली है, वे ट्रॉमा केयर के आइसीयू में भर्ती मरीज हैं. पांच घायल व्यक्तियों की हालत गंभीर बताई गई है. घटना के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे. ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी ने भी घटनास्थल का दौरा किया और फिर अस्पताल के मरीजों से मुलाकात की. अधिकारियों ने बताया कि अभी तक आग में जलने से 10 मरीजों की मौत हो चुकी है. इनमें से सात मरीजों की मौत आइसीयू के अंदर हो गई है, जबकि तीन अन्य की मौत बचाव अभियान के दौरान अन्य वॉर्डों में ले जाते समय हुई. (नीचे भी पढ़ें)

मुख्यमंत्री मांझी ने बताया कि ट्रॉमा केयर इंटेंसिव केयर यूनिट में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी. दमकलकर्मियों और अस्पताल के कर्मचारियों ने आग पर काबू पाने के लिए तेजी से कार्रवाई की और कई मरीजों को बचाकर सुरक्षित वॉर्डों में ट्रांसफर कर दिया. मांझी ने मृतकों के परिजनों के लिए 25 लाख रुपये की अनुग्रह राशि की भी घोषणा की है. (नीचे भी पढ़ें)

अधिकारियों ने बताया कि एससीबी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के 23 कर्मचारी, जिन्होंने आग लगने के बाद रेस्क्यू का काम शुरू कर दिया, धुएं के कारण सांस लेने में तकलीफ सहित स्वास्थ्य समस्याओं से ग्रस्त होने के बाद अस्पताल में भर्ती हैं. इस घटना के बाद, मांझी ने अस्पताल में लगी आग की न्यायिक जांच के आदेश दिए और जिम्मेदार पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया.



