जमशेदपुर : झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास ने नयी दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से सोमवार को मुलाकात की. इस दौरान झारखंड समेत विभिन्न समसामयिक मुद्दों पर उनसे विस्तार के साथ उनकी चर्चा भी हुई. बताया जाता है कि काफी देर तक दोनों नेता साथ रहे और झारखंड के हालात के बारे में विस्तार से जानकारी ली. झारखंड में नक्सल समेत अन्य विषयों पर भी उन्होंने चर्चा की. दूसरी ओर, झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री ने पत्रकार बैजनाथ महतो की मौत के बाद एक बयान जारी किया और कहा कि प्रदेश की खराब कानून व्यवस्था का शिकार हुआ होनहार युवा पत्रकार. अपराधियों द्वारा घायल हुए बैजनाथ महतो के निधन की दुखद सूचना मिली. ईश्वर उनकी आत्मा को शांति और उनके परिजनों को यह दुख सहने की शक्ति प्रदान करे. राज्य सरकार उनके परिजनों को सरकारी नौकरी और मुआवजा दे। आज राज्य में न तो जज सुरक्षित हैं और न ही पत्रकार, तो आम लोगों की सुध कोई क्या लेगा. हेमंत सोरेन की असंवेदनशील सरकार के कारण राज्य में अपराधियों का मनोबल बढ़ा हुआ है.