
जमशेदपुर : वैश्विक महामारी काल के बीच राज्य के पूर्व मंत्री सह जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय ने पूरे रीति-रिवाज के साथ अपने पारिवारिक सदस्यों के साथ अपने आवास पर रामर्चा पूजा में हिस्सा लिया. इस दौरान काफी कम लोगों के आने की अनुमति थी. आपको बता दें कि आषाढ़ मास की पूर्णिमा तिथि को रामर्चा पूजा का आयोजन किया जाता है. इसमें लंका विजय के बाद लौटने पर भगवान राम एवं उनके परिवार सहित लंका विजय में साथ देने वाले उनके सहयोगियों के साथ भगवान शंकर की भी पूजा होती है. वैसे तो हर साल इस पूजा में न केवल झारखंड बल्कि बिहार और बंगाल के भी भक्त, वीआईपी एवं वीवीआईपी का जुटान होता था, लेकिन वैश्विक महामारी को ध्यान में रखते हुए इस साल बेहद ही सादगी पूर्ण तरीके से इस पूजा का आयोजन किया गया. वैसे सरयू राय ने कल ही इसकी घोषणा कर दी थी, कि उनके विधानसभा क्षेत्र के अलावा जमशेदपुर के कोने-कोने तक और पड़ोसी जिला सरायकेला और चाईबासा के लोगों के घरों तक प्रसाद पहुंचाने का प्रबंध किया जा रहा है. हालांकि हर साल यहां प्रसाद ग्रहण करने दूरदराज से लोग जुटते थे.







