
जमशेदपुर : प्रत्येक वर्ष की भांति 14 जून विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर रक्तदान शिविर का आयोजन रेड क्रॉस भवन में किया जायेगा। 14 जून रविवार को रेड क्रॉस भवन, डी.सी. ऑफिस रोड, साकची में आयोजित होने वाले इस रक्तदान शिविर में वैसे सभी रक्तदाता जिनके रक्तदान का 90 दिन पूरा हो गया हो, वे रक्तदान कर पायेंगे, साथ ही 18 वर्ष पूरा कर चुके युवा भी इस विशेष दिन के साथ अपना रक्तदान अभियान शुरु कर पायेंगे। रेड क्रॉस सोसाइटी, पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार सिंह ने बताया कि हमेशा की तरह रक्तदाताओं को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया जायेगा, स्मृति चिन्ह के रूप में रक्तदान प्रमोशन टी-शर्ट के साथ साथ प्रत्येक रक्तदाता को कोरोना वायरस से सुरक्षा हेतु मास्क भी प्रदान किया जायेगा। रक्तदान शिविर रविवार को प्रातः 9 बजे से संध्या 3 बजे तक आयोजित किया जायेगा। रेड क्रॉस सोसाइटी, पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार सिंह ने बताया कि रक्तदान शिविर में रक्तदान के लिए रक्तदान को प्रोत्साहन देने वाली संस्थाओं से आग्रह किया गया है कि वे बढ़ चढ़कर विश्व रक्तदाता दिवस के रक्तदान शिविर में रक्तदाताओं के साथ रक्तदान करें। रक्तदान शिविर के दौरान 1 अप्रैल से 14 जून के बीच एसडीपी डोनेशन देने वाले रेड क्रॉस से जुड़े रक्तदाताओं को सम्मानित किया जायेगा।















