
चाकुलिया : चाकुलिया के नया बाजार रेलवे फाटक से प्रखंड मुख्यालय जाने वाली सड़क बदहाल है. सड़क पर कई छोटे बड़े गड्डे उभर आये हैं. बरसात होने पर सड़क जल मग्न हो जाती है. सड़क की स्थिति ऐसी है कि लोगों को पता नहीं चल पाता है की सड़क में गड्डा है या गड्डे में सड़क. इसी सड़क से रोजाना हजारों लोग प्रखंड सह अंचल कार्यालय, नगर पंचायत कार्यालय, विधुत विभाग कार्यालय और स्टेट बैंक आना-जाना करते हैं. सड़क पर उभरे गड्डों में जल जमाव होने से सड़क पर लोगों को पैदल चलने में भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है. परंतु सड़क की मरम्मत कराने की दिशा में अबतक किसी भी विभाग द्वारा पहल नहीं की गयी है. विदित हो की प्रखंड और नगर पंचायत कार्यालय से हर वर्ष कई विकास योजनाएं पारित कर ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में विकास का काम किया जाता है. परंतु उक्त कार्यालय तक जाने वाली सड़क अपने विकास की बाट जोह रही है. पता नहीं कब और किस विभाग से इस बदहाल सड़क की मरम्मत की जाएगी. रोजाना इस सड़क से कई बार संबंधित विभाग के पदाधिकारी आना-जाना करते हैं, परंतु इस सड़क की मरम्मत करने की दिशा में अब तक किसी ने भी पहल नहीं की है. इससे लोगों में आक्रोश है.







