सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह प्रखंड अंतर्गत तेतलो टोल प्लाजा के पास शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में जाता गांव निवासी सूरज दास गंभीर रूप से घायल हो गए. जानकारी के अनुसार सूरज दास चांडिल से अपने गांव लौट रहे थे, तभी अचानक उनकी बाइक का नियंत्रण बिगड़ गया और वह सड़क किनारे फिसल गई. हादसे में वह बुरी तरह सड़क पर गिर पड़े, जिससे सिर और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं. घटना के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोग तुरंत दौड़कर पहुंचे और घायल को सड़क किनारे से उठाकर सुरक्षित स्थान पर ले गए. (नीचे भी पढ़ें)

इसी बीच आजसू पार्टी के केंद्रीय महासचिव हरेलाल महतो को जब हादसे की सूचना मिली, तो उन्होंने तत्काल कुकडू प्रखंड अध्यक्ष अरूण कुमार महतो को निर्देश देकर एंबुलेंस की व्यवस्था कराई. तत्परता दिखाते हुए घायल सूरज दास को चांडिल अनुमंडल अस्पताल भेजा गया. अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर रेफर कर दिया. फिलहाल उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है. स्थानीय लोगों ने बताया कि तेतलो टोल प्लाजा क्षेत्र में अक्सर तेज रफ्तार वाहनों के कारण हादसे होते रहते हैं. उन्होंने प्रशासन से इस मार्ग पर सुरक्षा उपाय बढ़ाने और गति नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके.



