आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर में सड़क और सर्विस लेन को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए बुधवार को प्रशासन ने व्यापक अभियान चलाया. जिला प्रशासन, नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने इमली चौक से कार्रवाई शुरू कर पान दुकान चौक, आकाशवाणी चौक और शेरे पंजाब चौक होते हुए आशियाना मोड़ तक अवैध कब्जों को हटाया. अभियान के दौरान सड़क किनारे और सर्विस लेन पर किए गए अतिक्रमण को निशाना बनाया गया. जेसीबी की मदद से अवैध रूप से निर्मित सीमेंट के चबूतरे, अस्थायी दुकानों और अन्य निर्माणों को ध्वस्त कर दिया गया. कई स्थानों पर स्थायी निर्माण भी हटाए गए, जिससे सड़क और सर्विस लेन को खाली कराया जा सके. कार्रवाई के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए पुलिस की पर्याप्त तैनाती की गयी थी. मौके पर आदित्यपुर थाना प्रभारी, यातायात थाना प्रभारी, गम्हरिया अंचल निरीक्षक समेत पुलिस बल मौजूद रहा. अधिकारियों की निगरानी में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पूरी की गयी. (नीचे भी पढ़ें)

प्रशासन ने अभियान के बाद स्पष्ट किया कि सड़क और सर्विस लेन पर दोबारा कब्जा करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा. ऐसे लोगों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी. प्रशासन का उद्देश्य यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाना और आम लोगों के आवागमन में होने वाली परेशानी को दूर करना बताया गया. वहीं, आशियाना ट्रेड सेंटर के समीप जमीन खाली करने के नोटिस और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर स्थानीय दुकानदारों में नाराजगी देखी गई. दुकानदारों को आशंका है कि कार्रवाई के कारण उनका कारोबार प्रभावित होगा और रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो सकता है. प्रशासन की कार्रवाई के बीच दुकानदारों की चिंता भी सामने आई, जिससे क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने को लेकर विरोध की स्थिति बनी रही.















