सरायकेला : सरायकेला खरसावां जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र के घाघरा नाला के समीप मंगलवार को दो मोटरसाइकिलों के बीच हुई जोरदार टक्कर में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलने पर नीमडीह थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और ग्रामीणों व राहगीरों की मदद से तीनों घायलों को एम्बुलेंस के जरिए रघुनाथपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया. प्राप्त जानकारी के अनुसार, पात्थरडीह गांव निवासी सागर गोपे (21), पिता शंभू गोपे और विष्णु गोपे (19), पिता स्वाधीन गोपे पश्चिम बंगाल के लिहोरिया में पूजा-अर्चना कर बाइक से अपने घर लौट रहे थे. (नीचे भी पढ़ें)

इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे गांव के ही रामकमल गोपे (45), पिता जगबंधु गोपे अपनी बाइक का इंडिकेटर जलाकर सड़क पार करने का प्रयास कर रहे थे. इसी बीच दोनों मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए. (नीचे भी पढ़ें)
सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद दो घायलों की हालत चिंताजनक देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर स्थित एमजीएम अस्पताल रेफर करने की प्रक्रिया शुरू कर दी. पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है.




