
सरायकेला : सरायकेला- खरसावां जिले से होकर गुजरने वाली एनएच 33 पर चांडिल थाना क्षेत्र के आसनबनी- टाटा मार्ग पर तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार 28 वर्षीय युवक विजय पहाड़िया की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं आक्रोशित लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया. बताया जाता है कि विजय पहाड़िया अपने गांव आसनबनी से आइटसीपीएल कैरियर में ड्यूटी के लिए निकला ही था, कि रांची से जमशेदपुर की ओर से आ रहे ट्रेलर ने उसे बुरी तरह रौंद दिया. वैसे स्थानीय लोगों ने ट्रेलर को रोक लिया और भागने का प्रयास कर रहे चालक एवं खलासी को बंधक बना लिया. वहीं घटना की सूचना मिलते ही, चांडिल एवं कपाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची. जहां घंटों मशक्कत के बाद प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझा- बुझाकर जाम हटवाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.




