
सरायकेला : कोरोना वायरस के रोकथाम को लेकर जारी लाकडाउन के दौरान स्कूल बंद होने के कारण सरकारी स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों को सरकार ने मध्याह्न भोजन मद की राशि व चावल देने के आदेश के आलोक में सरायकेला जिला प्रशासन भी बच्चों को राहत देने के कार्य में जुटा है. मगर इस राहत राशि वितरण में न सिर्फ आदेश का उल्लंघन हो रहा है बल्कि लाकडाउन के नियमों का भी उल्लंघन हो रहा है तथा कुछ विद्यालयों के मनमानी की वजह से बच्चों में कोरोना वायरस के संक्रमण फैलने का खतरा भी बढ़ा दिया है. लॉक डाउन घोषित होने के बाद सरायकेला जिला के सभी स्कूल बंद है, लेकिन बंदी के बीच सरायकेला नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड नं 2 स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय में नजारा अलग ही है.

मध्याहन भोजन की राशि व चावल बांटने के नाम पर यहां स्कूल खोल बच्चों को बुलाकर राशि बांटी जा रही है. इस दौरान बच्चे सामाजिक दूरी का नियम पालन करते नजर नहीं आए इस बारे में पूछे जाने पर प्रभारी शिक्षिका उमारानी महापात्रा ने अलग ही दलील दी. पहले तो उन्होंने बच्चों को स्कूल बुलाकर ही वितरण करने के आदेश की बात कही. फिर अपनी मजबूरी गिनाते हुए कही कि वे घर घर जाकर कैसे वितरण कर पायेंगी यह संभव है. जहां तक सरकारी आदेश की बात करें तो प्रशासन का आदेश है कि बच्चों को दी जाने वाली राशि बैंक खातें में व चावल घर घर जाकर वितरण करना है.

स्कूल में बुलाकर वितरण करना गलत है. जब उपायुक्त ए दोड्डे से इस बावत सवाल पूछा गया तो उन्होंने भी बताया कि स्कूल में बच्चों को बुलाकर वितरण नहीं करना है. शिक्षकों को बच्चों के घर घर जाकर वितरण करना है. उन्होंने इस मसले पर जांच कर कार्रवाई करने की बात कही. कोरोना से जंग जीतने को लेकर लाकडाउन के एकमात्र मंत्र को लेकर जिला प्रशासन जहां इसे सख्ती से पालन करने में जुटा है. वहीं कुछ नासमझ शिक्षकों की वजह से सरकार के आदेश की धज्जी उड़ रही है. यह बड़ी चिंता की बात है तथा इस दिशा में सख्त कार्रवाई होनी चाहिए.

सब्जी बाजारों में उड़ रहा सोशल डिस्टेंशिंग का मजाक
कोरोना वायरस के रोकथाम को लेकर लागू किये गये लाकडाउन का कई जगहों पर उल्लंघन की सूचनाएं सामने आ रही है. पूरी स्थिति के बीच जिला प्रशासन ने इसके खिलाफ सख्ती अपनानी शुरु कर दी है. खासतौर पर सब्जी मंडी जहां लोग जमकर भीड़ लगा रहे है तथा वहां सोशल डिस्टेंश के नियम का भी पालन नहीं होता है. इस दिशा में सरायकेला नगर पंचायत तथा पुलिस द्वारा अभियान तेज कर दिया गया है. जहां सब्जी बेचने वाले तथा सब्जी खरीदने वाले सभी को अनिवार्य रुप से मास्क पहनने की अपील की जा रही है. वहीं सोशल डिस्टेंस का भी सख्ती से पालन हेतु कार्रवाई की जा रही है.







