बहरागोड़ा : बहरागोड़ा निवासी एक महिला से स्थानीय डोमजुड़ी नदी किनारे सामूहिक दुष्कर्म का मामला बहरागोड़ा थाना में दर्ज हुआ है. कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुए इस मामले में पीड़िता ने तीन लोगों को नामजद आरोपी बनाया है, जिनमें जमशेदपुर के साकची गुरुद्वारा के निकट रहनेवाले सत्यवान तराई, बहरागोड़ा के डोमजुड़ी निवासी भरत बारी एवं सुकुमार बारी शामिल हैं. पुलिस मामले की जांच कर रही है. (नीचे भी पढ़ें)
घटना के बारे में बहरागोड़ा पुलिस का कहना है कि विगत 29 नवंबर 2022 की घटना है, किन्तु कोर्ट के आदेश पर शनिवार 7 जनवरी को यह मामला दर्ज किया गया है. घटना के बारे में पीड़िता ने बताया है कि 29 नवंबर की शाम 4:00 बजे वह डोमजुड़ी नदी की ओर गई थी. इसी दौरान आरोपियों ने उसे दबोच लिया और सामूहिक दुष्कर्म किया. यही नहीं विरोध करने पर तीनों ने उसे लाठी एवं रॉड से मारपीट भी की, जिससे वह जख्मी हो गई थी. उधर बहरागोड़ा पुलिस का कहना है कि अगर सामूहिक दुष्कर्म की घटना घटी थी तो पीड़िता उसी दिन शिकायत लेकर थाना क्यों नहीं पहुंची. कोर्ट का आदेश आने पर पुलिस को घटना की जानकारी मिली. इससे पुलिस को यह पूरा मामला संदिग्ध लग रहा है. पुलिस का कहना है कि घटना में 3 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है, जिनमें शामिल सत्यवान तराई के बारे में यह बात सामने आ रही है कि सत्यवान की बेटी से पहले पीड़िता के बेटे ने दुष्कर्म किया था और उसका बेटा अभी तक उस मामले में जेल में बंद है. हो सकता है यह दुश्मनी निकालने की नीयत से ऐसी कहानी बनाई गई हो. पुलिस का कहना है कि मामले की पूरी जांच के बाद ही इस संबंध में कोई कार्रवाई की जायेगी.




