जमशेदपुर : भारतीय मजदूर संघ ने सरायकेला खरसावां जिले के आदित्यपुर स्थित वीर कुंवर सिंह मैदान दुर्गा मंडप में 70वां स्थापना दिवस मनाया. भारतीय मजदूर संघ, जिला सरायकेला-खरसावां इकाई द्वारा संगठन की स्थापना का 70वां वार्षिक उत्सव आदित्यपुर-2 स्थित वीर कुंवर सिंह मैदान के दुर्गा मंड़प में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता अजय कुमार शर्मा ने की तथा संचालन लक्ष्मण प्रसाद ने किया. कार्यक्रम का शुभारंभ मां भारती, भगवान विश्वकर्मा एवं संघ संस्थापक पूज्य दत्तोपंत ठेंगड़ी जी के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्ज्वलित करके किया गया. प्रारंभिक संबोधन भोगेंद्र झा ने करते हुए संघ के वैचारिक और संगठनात्मक इतिहास को विस्तार से प्रस्तुत किया. (नीचे भी पढ़ें)
मुख्य वक्ताओं में लक्ष्मण प्रसाद, इंद्र देव प्रसाद, चंद्रमा पाण्डेय, भरत प्रसाद सिंह सहित कई वक्ताओं ने विचार रखे. इंद्र देव प्रसाद ने पटना स्थित संघ कार्यालय से जुड़ी बचपन की स्मृतियों को साझा करते हुए ठेंगड़ी जी के आदर्शों को रेखांकित किया. चंद्रमा पाण्डेय ने श्रमिक हितों के लिए जमीनी स्तर पर संघर्ष करने का आह्वान किया. भरत प्रसाद सिंह ने संघ की नीतियों को अपनाकर मजदूरों के अधिकारों की रक्षा करने पर जोर दिया. अध्यक्षीय संबोधन में अजय कुमार शर्मा ने टायो रोल्स लिमिटेड, जेएमटी ऑटो, सरायकेला ग्लास फैक्ट्री और वल्लभ स्टील लिमिटेड जैसी बंद हो चुकी औद्योगिक इकाइयों में मजदूरों की दुर्दशा का मुद्दा उठाया. उन्होंने टाटा स्टील लिमिटेड द्वारा टायो कॉलोनी में कृत्रिम आपदा प्रबंधन के नाम पर उत्पीड़न और आइबीसी 2016 जैसे कानूनों के दुरुपयोग के माध्यम से श्रमिकों को हाशिये पर धकेलने की आलोचना की. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने कहा कि श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए संघ को अधिक संगठित, सजग और संघर्षशील होने की आवश्यकता है, ताकि जेएमटी और वल्लभ स्टील के मजदूरों को भी न्याय मिल सके. सभा में जिले की कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारी, सदस्यगण एवं श्रमिक प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे. अंत में धन्यवाद ज्ञापन अजय कुमार शर्मा द्वारा प्रस्तुत किया गया और सभा की विधिवत समाप्ति की घोषणा की गई.











