सरायकेला : स्वामी विवेकानंद की जयंती के अवसर पर समाजसेवा के क्षेत्र में मिसाल पेश करते हुए नगर पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष एवं समाजसेवी मनोज चौधरी द्वारा सरायकेला ब्लड बैंक व काशी साहू महाविद्यालय में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया. मुख्य अतिथि के रूप में मनोज कुमार चौधरी ने दोनों शिविरों को स्वामी विवेकानंद की तस्वीर पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलित कर आरंभ कराया. इन शिविरों में मानवता की सेवा के लिए सैकड़ों युवाओं और स्थानीय निवासियों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया. शिविर में कुल 122 यूनिट रक्त का संग्रह किया गया जिसे सरायकेला ब्लड बैंक को सौंप दिया गया. (नीचे भी पढ़ें)

कार्यक्रम की सबसे खास बात यह रही कि मनोज चौधरी ने रक्तदान करने वाले प्रत्येक व्यक्ति को हेलमेट देकर सम्मानित किया. इस अनूठी पहल के माध्यम से जहां एक ओर जीवन बचाने के लिए रक्तदान को बढ़ावा दिया गया, वहीं दूसरी ओर लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का प्रयास भी किया गया. मौके पर मनोज चौधरी ने कहा, “रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है, क्योंकि आपका एक यूनिट रक्त किसी को नया जीवन दे सकता है.” हेलमेट देने के पीछे उनका उद्देश्य युवाओं को सुरक्षित ड्राइविंग के लिए प्रेरित करना था. (नीचे भी पढ़ें)

इस कार्यक्रम को सफल बनाने में स्थानीय समाजसेवी संगठनों और युवाओं का सराहनीय योगदान रहा. रक्तदान शिविर सदर अस्पताल के ब्लड बैंक और काशी साहू कॉलेज में छात्र संघ के सहयोग से आयोजित किया गया था, जहां दोनों जगह मिलकर 122 यूनिट रक्त का संग्रह हुआ. शिविर को संपन्न कराने में मुख्य रूप से छात्र संघ के आलोक दास, छात्र संघ के अध्यक्ष प्रकाश महतो, लक्ष्मण महतो, वकील बारिक, अमलेश सिन्हा, पंकज साहू, अविनाश कवि, अमिताभ मुखर्जी, भोला मोहंती, त्रिलोकी साहू, श्रीराम होंडा के आशीष अग्रवाल, सिविल सर्जन, रक्त कोष के कर्मी अर्धेन्दु सिंह आदि ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.
यह रक्तदान शिविर सरायकेला के सामाजिक जीवन में एक नई ऊर्जा का संचार कर गया, जहां रक्तदान के साथ साथ सड़क सुरक्षा का संदेश भी गूंजता रहा.















