सरायकेला : सरायकेला खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र के एनएच-33 पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार मजदूर युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. जानकारी के अनुसार सुबह करीब 7 बजे जाहिराडीह के समीप किसी अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी, जिसके बाद चालक मौके से फरार हो गया. हादसे के बाद युवक सड़क पर गंभीर अवस्था में पड़ा रहा. स्थानीय लोगों की तत्परता से घायल को एंबुलेंस के माध्यम से तत्काल एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए टीएमएच रेफर कर दिया. (नीचे भी पढ़ें)
घायल युवक की पहचान चांडिल थाना क्षेत्र के नारगाडीह निवासी 20 वर्षीय बिलात किस्कू के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि वह गम्हरिया स्थित एक कंपनी में मजदूरी करता है और नाइट शिफ्ट की ड्यूटी समाप्त कर बाइक से अपने घर लौट रहा था. इसी दौरान यह हादसा हो गया. दुर्घटना में युवक के सिर पर गंभीर चोट आई है. घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया.








