चांडिल: सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र के चिल्गू के पास इथेनॉल से लदा एक टैंकर अनियंत्रित होकर सामने से आ रही स्विफ्ट कार को अपनी चपेट में लेने के बाद सड़क पर पलट गया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्विफ्ट कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी. हादसे में कार में सवार तीन लोग घायल हो गये. हालांकि, तीनों की स्थिति सामान्य है. जानकारी के अनुसार, स्विफ्ट कार में सवार लोग रांची एयरपोर्ट की ओर जा रहे थे. इसी दौरान चिल्गू के पास हादसा हुआ. दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. पलटे टैंकर से इथनॉल का रिसाव शुरू हो गया.सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गयी. पुलिस ने घटनास्थल की स्थिति संभालते हुए लोगों को सुरक्षित रखने और यातायात को व्यवस्थित करने का प्रयास शुरू किया.दुर्घटना के बाद टैंकर से इथेनॉल का रिसाव होने की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की बड़ी संख्या में भीड़ मौके पर जमा हो गई. (नीचे भी पढ़े)

कुछ लोग टैंकर से बाहर निकल रहे इथेनॉल को बर्तनों में भरते हुए भी देखे गए. रिसाव के कारण घटनास्थल पर स्थिति तनावपूर्ण बनी रही. पुलिस के पहुंचने के बाद मौके पर मौजूद लोगों को नियंत्रित किया गया. दूसरी ओर, दुर्घटना के कारण एनएच-33 पर कुछ समय के लिए वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही और सड़क पर हल्का जाम लग गया. पुलिस और स्थानीय प्रशासन की तत्परता के बाद धीरे-धीरे यातायात सामान्य कराया गया.टैंकर चालक के अनुसार, वह इथेनॉल लेकर भुवनेश्वर की ओर जा रहा था. चिल्गू के पास सड़क सिंगल लेन होने के कारण दोनों दिशाओं से वाहन एक साथ आ गये. इसी दौरान टैंकर का संतुलन बिगड़ गया और वह स्विफ्ट कार से टकराने के बाद सड़क पर पलट गया. टक्कर के बाद कार में सवार तीन लोग घायल हुए, जिन्हें स्थानीय स्तर पर उपचार के लिए ले जाया गया. उनकी हालत सामान्य बतायी जा रही है.हादसे के बाद पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है. फिलहाल पुलिस और स्थानीय प्रशासन की निगरानी में स्थिति सामान्य है. एनएच-33 पर वाहनों की आवाजाही धीरे-धीरे सामान्य हो चुकी है.
