जमशेदपुर : जमशेदपुर डिमना चौक स्थित एमजीएम अस्पताल परिसर में लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं के बीच बुधवार देर रात सुरक्षा में तैनात होमगार्ड जवानों ने एक संदिग्ध युवक को पकड़ा. करीब रात दो बजे अस्पताल परिसर में संदिग्ध अवस्था में घूम रहे युवक से जवानों ने पूछताछ की. युवक ने अपना नाम गणेश बताया, लेकिन उसकी गतिविधियों और अस्पताल में मौजूदगी को लेकर वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका. इसके बाद होमगार्ड जवानों ने उसे एमजीएम थाना पुलिस के हवाले कर दिया. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस ने थाना में उससे पूछताछ की और उसकी जानकारी व गतिविधियों की जांच की. पूछताछ के बाद पुलिस ने उसे छोड़ दिया. अस्पताल में पिछले कुछ समय से अलग-अलग तल्लों और परिसर में चोरी की घटनाएं सामने आने के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर होमगार्ड जवानों को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया है. अस्पताल आने-जाने वाले संदिग्ध लोगों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर उनसे पूछताछ भी की जा रही है. मंगलवार रात भी अस्पताल परिसर से एक संदिग्ध युवक को पकड़ा गया था. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर एमजीएम थाना की टीम ने उसकी निशानदेही पर चार अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया था. इस कार्रवाई के बाद अस्पताल परिसर में सुरक्षा और निगरानी और बढ़ा दी गई है. होमगार्ड जवान अब अस्पताल के विभिन्न हिस्सों, वार्डों और आने-जाने वाले रास्तों पर विशेष निगरानी रख रहे हैं. अस्पताल प्रबंधन और सुरक्षा कर्मियों की ओर से चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल सूचना पुलिस को देने की व्यवस्था भी मजबूत की जा रही है.




