चांडिल: सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल अनुमंडल क्षेत्र के गांगूडीह गांव में शुक्रवार की सुबह सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई. पलाश जंगल की ओर जा रही प्रेमकला टुडू (45 वर्ष) लोडर की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौत हो गई. हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया. गुस्साए ग्रामीणों ने शव रखकर सड़क जाम कर दी. ग्रामीण मुआवजे की मांग पर अड़े थे.जानकारी के अनुसार, गांगूडीह निवासी लखीपद टुडू की पत्नी प्रेमकला सुबह करीब 9:30 बजे मवेशी चराने के लिए घर से निकली थी. (नीचे भी पढ़े)
रांची-टाटा-धनबाद-पुरुलिया एनएच-18 के न्यू बाईपास के पास नीलांचल कंपनी के प्लांट डस्ट से जमीन पर गड्ढा भरने व लेवलिंग का काम चल रहा था. इसी दौरान प्रेमकला लोडर की चपेट में आ गई. उसकी मौके पर ही मौत हो गई. हादसे की सूचना मिलने के बाद चांडिल थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच-पड़ताल की. पुलिस ने लोडर को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है. इधर, ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग को लेकर शव सड़क पर रख कर रास्ता जाम कर दिया. ग्रामीणों ने कहा कि जब तक कंपनी मुआवजे पर कोई ठोस पहल नहीं करती, शव नहीं उठाएंगे.




