चांडिल : सरायकेला-खरसावां जिले के चाण्डिल थाना क्षेत्र अंतर्गत शहरबेड़ा पुल के नीचे एक व्यक्ति का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गयी. सुबह पुल के नीचे शव पड़े होने की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया और देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गयी. प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्थानीय ग्रामीणों ने सबसे पहले पुल के नीचे शव को देखा, जिसके बाद इसकी सूचना शेखर गांगुली को दी गयी. सूचना मिलते ही शेखर गांगुली मौके पर पहुंचे और तत्काल इसकी जानकारी चाण्डिल थाना पुलिस को दी. पुलिस को सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंचा और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. ग्रामीणों ने शव की पहचान शहरबेड़ा निवासी करमू तंतुबाई के रूप में की है. (नीचे भी पढे़ं)

शव की स्थिति को देखकर प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत के कारणों का अब तक स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, ताकि मौत के सही कारणों का पता लगाया जा सके. घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. कोई इसे दुर्घटना बता रहा है तो कोई आपराधिक घटना की आशंका जता रहा है. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी हुई है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी. वहीं, इस घटना से मृतक के परिजनों में शोक का माहौल व्याप्त है.







