सरायकेला : सरायकेला जिला मुख्यालय सभागार में शनिवार को जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति “दिशा” की बैठक संपन्न हुई. बैठक में बतौर मुख्य अतिथि रांची लोकसभा के सांसद और केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ शामिल हुए. वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में खरसावां विधायक दशरथ गगराई, ईचागढ़ विधायक सविता महतो, जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा, उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत सहित जिले के तमाम जनप्रतिनिधि एवं तमाम विभागों के अधिकारी मौजूद रहे. बैठक में जिले के विकास से संबंधित योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की हुई. (नीचे भी पढ़ें)

लगभग 4 घंटे चले मैराथन बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ ने बताया कि आगामी नवरात्रि से पूर्व जिले के सभी खराब पड़े ट्रांसफॉर्मरों को बदलने एवं जर्जर हो चुकी सड़कों को दुरुस्त करने का निर्देश दिया गया है. इसके अलावा तीन सड़कों में अनियमितता के मामले में जांच के आदेश दिए गए हैं. 15 दिनों के भीतर इसकी जांच रिपोर्ट मांगी गई है. उन्होंने बताया कि चांडिल अनुमंडल अस्पताल में डायलिसिस की सेवा जल्द शुरू करने का निर्देश उपायुक्त को दिया गया है. पितकी रेलवे ओवरब्रिज़ मार्च तक पूरा होने की बात उन्होंने कही. वहीं हाथियों से हुए नुकसान का मुआवजा एवं हाथियों के प्रकोप से सुरक्षा कैसे सुनिश्चित हो, इसको लेकर वन विभाग को विशेष निर्देश देने की बात उन्होंने कही. (नीचे भी पढ़ें)
रक्षा राज्य मंत्री ने लोगों से स्वदेशी अपनाने की अपील की. साथ ही पदाधिकारियों को अधिक से अधिक स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि इतनी विपरीत परिस्थितियों में भी देश का जीडीपी इस तिमाही में 7.6 है जो काबिल-ए-तारीफ है. रक्षा राज्य मंत्री ने जलापूर्ति, वेस्ट मैनेजमेंट, सड़क सुरक्षा जैसे मुद्दों पर भी दिशा की बैठक में चर्चा होने और अधिकारियों को निर्देश देने की बात कही. उन्होंने कहा कि किसी भी मामले में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. खासकर भ्रष्टाचार के मामले में कोई मुरव्वत नहीं की जाएगी. इससे पूर्व रक्षा राज्य मंत्री का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया.




