सरायकेला : गुरुवार देर शाम सरायकेला थाना अंतर्गत मुड़िया मोड़ के समीप अनियंत्रित ट्रक (JH09P- 5506) की चपेट में आ जाने के कारण बाइक (JH05AK- 5416) पर सवार एक महिला एवं एक बच्चे की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. वहीं सूचना पाकर पहुंची सरायकेला थाना पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से ट्रक के चक्के में फंसी महिला एवं बच्चे को बाहर निकाला, जबकि घायल एक महिला, एक बच्चा और बाइक सवार को एमजीएम अस्पताल भेजवाया. (नीचे भी पढ़ें)
दुर्घटना की जानकारी मिलने पर विधायक प्रतिनिधि सनत आचार्य भी घटनास्थल पर पहुंचे और आनन-फानन में एंबुलेंस की व्यवस्था कराकर सभी घायलों को इलाज के लिए भेजवाया. मृतकों की फिलहाल पहचान नहीं हो सकी है. मृतक सभी गोबराडीह के रहनेवाले बताये जा रहे हैं. बाइक (JH05AK- 5416) पर आजसू प्रखंड अध्यक्ष लिखा हुआ है. उधर आक्रोशित ग्रामीणों ने ट्रक को रोक कर उसके चालक की पिटाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया. बताया गया कि ट्रक जमशेदपुर की ओर से आ रहा था जबकि बाइक सवार सरायकेला की ओर से. इसी दौरान अनिय़ंत्रित ट्रक ने मोटरसाइकिल सवार को चपेट में ले लिया. ट्रक में काली ईंटें लदी हुई हैं. हादसा इतना दर्दनाक था, कि बाइक सवार एक महिला एवं एक बच्चा ट्रक में ही फस गये, जिन्हें थाना प्रभारी नीतीश कुमार ने खुद खींचकर बाहर निकाला. उधर दुर्घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने वहां हंगामा शुरू कर दिया. पुलिस उन्हें समझाने में लगी है, लेकिन ग्रामीण गाड़ी को ले जाने नहीं दे रहे हैं.




