गम्हरिया: सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया स्थित अंजनी इस्पात कंपनी में काम के दौरान 27 वर्षीय युवक की मौत हो गई. मृतक की पहचान नरेश दास के रूप में हुई है. वह मूलरुप से गिरिडीह जिले के देवपुर का रहने वाला था.इस संबंध में बताया जाता है कि मृतक के परिजनों का आरोप है कि नरेश कंपनी में पेंटर के रूप में काम करता था. इसके बावजूद उससे हीट ट्रीटमेंट प्लांट में काम कराया जा रहा था. जिससे वह मानसिक तनाव में रहता था. परिजनों ने बताया कि केवल 12 हजार रुपये वेतन पर काम कर रहा था.(नीचे भी पढ़े)
परिजनों के अनुसार, 13 अगस्त की दोपहर नरेश को फिर प्लांट में काम पर भेजा गया. काम के दौरान उसे चक्कर आया और वह गिर पड़ा. आरोप है कि कंपनी के पास तत्काल ऑक्सीजन सिलेंडर भी उपलब्ध नहीं था. बाद में दूसरी कंपनी से ऑक्सीजन मंगाई गई, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी.मृतक के पिता किशुन रविदास ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है. परिजनों के अनुसार, कंपनी की ओर से 3 लाख 75 हजार रुपये मुआवजे की बात कही गई है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम और जांच रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी.







