
सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना अंतर्गत उषा मोड़ के निकट सलडीह बस्ती में एक नाबालिग शराबी पोते ने अपनी 60 वर्षीय दादी को लाठी- डंडे से पीट कर मौत की नींद सुला दिया है. मृतका का नाम पार्वती मुर्मू बताया जाता है. वहीं घटना की सूचना मिलते ही गम्हरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. उधर घटना के बाद आरोपी पोता मौके से फरार हो गया. बताया जाता है कि आरोपी रोहित मुर्मू अपने पिता को पैसे के लिए पीट रहा था. इसी बीच पार्वती मुर्मू जंगल से लकड़ी लेकर लौटी और अपने बेटे को पोते के हाथों पीटता देख बीच-बचाव करने गई, जिससे शराब के नशे में धुत्त पार्वती मुर्मू के पोते रोहित मुर्मू ने डंडे से अपनी दादी पर वार कर दिया. जिससे मौके पर ही पार्वती मुर्मू की मौत हो गई. इधर घटना के बाद रोहित मुर्मू वहां से भाग निकला. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की तफ्तीश में जुट गई है. उधर घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई. घटना 3:00 बजे के आसपास की बताई जा रही है.



