सरायकेला : सरायकेला खरसावां जिला के चांडिल अनुमंडल क्षेत्र में बालू का अवैध कारोबार चरम पर है. पुलिस की टीम आये दिन छापामारी अभियान चलाकर अवैध रूप से बालू ले जाते वाहनों को जब्त करती है, बावजूद इसके बालू का अवैध कारोबार रुकने का नाम नहीं ले रहा है. बालू के इस अवैध कारोबार के खिलाफ ईचागढ़ थाना पुलिस का अभियान जारी है, जहां पुलिस ने गुरुवार को टिकर में छापामारी कर अवैध रूप से बालू ले जाते एक हाइवा को पकड़ा है. पुलिस के हाइवा को रोकने के बाद उसका चालक पुलिस कर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया. (नीचे भी पढ़ें)
ईचागढ़ थाना प्रभारी गौरव मिश्रा ने इस संबंध में बताया कि बालू के अवैध कारोबार के खिलाफ सख्त कदम उठाये जा रहे हैं. सूचना मिलने पर पुलिस लगातार छापामारी कर रही है, जिसमें सफलता भी मिल रही है. उन्होंने कहा कि सूचना मिलने पर गुरुवार को टिकर में छापामारी कर अवैध रूप से बालू ले जा रहे हाइवा को पकड़ा गया है. उन्होंने आशंका जताई कि बालू का वैध चालान नहीं रहने के कारण हाइवा का चालक मौके से फरार हो गया होगा. थाना प्रभारी ने बताया कि इस संबंध में अग्रेतर कार्रवाई के लिए जिला खनन पदाधिकारी को प्रतिवेदन भेजा जा रहा है.












