सरायकेला : सरायकेला खरसावां जिले के ईचागढ़ थाना क्षेत्र में करकरी नदी से बरामद युवक के शव मामले का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर लिया है. इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिन्होंने सुनियोजित तरीके से युवक की हत्या कर शव को नदी में फेंक दिया था. जानकारी के अनुसार, 14 मार्च 2026 को ईचागढ़ पातकुम पुलिया के नीचे करकरी नदी से एक युवक का शव बरामद हुआ था. मृतक की पहचान सूरज यादव उर्फ गोलू यादव (निवासी- सतबहिनी, आदित्यपुर) के रूप में हुई. मृतक के पिता राम सुरेश राय के लिखित आवेदन के आधार पर ईचागढ़ थाना में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया. (नीचे भी पढ़ें)
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चांडिल के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया. टीम ने मानवीय एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों सुमित कुमार, अभिषेक तंतुबाई उर्फ खेटु और पिंटू दिग्गी उर्फ जोगी को गिरफ्तार किया. पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने योजनाबद्ध तरीके से सूरज यादव की हत्या की और साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को पुलिया के नीचे नदी में फेंक दिया. साथ ही मृतक का टेम्पो और मोबाइल अपने पास रख लिया था. पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर मृतक का टेम्पो (जेएच05इबी4830), मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त हथियार (चाकू) बरामद कर लिया है. फिलहाल पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है.




