
सरायकेला : सरायकेला-खरसावां पुलिस के जवानों को उड़ाने की साजिश एक बार फिर से नाकाम हो गयी. पुलिस को यह सूचना मिली थी कि खरसावां, चौका, कुचाई थाना क्षेत्र के रियाडदा, चैतनपुर, ईचाडीह समेत कई गांरों में बड़े पैमाने पर अफीम (पोस्ता) की खेती की गयी है. इसका कारोबार यहां से संचालित हो रहा है. इस खबर के बाद जगुआर,सरायकेला खरसावां पुलिस के जवानों की टीम गंतव्य स्थान की ओर रवाना हुई.
पुलिस आगे बढ़ रही थी कि चौका थाना के डुंगुरडीह जंगल क्षेत्र में पुलिस की नजर पड़ी कि वहां कुछ ऐसा किया गया है, जो शक पैदा कर रहा था. पुलिस ने काफी होशियारी से काम किया और देखा कि पुलिस के जवानों को उड़ाने के लिए वहां बम लगाया गया है. चार केन बम एक-एक किलो के लगाये गये थे, जिसको बरबाद कर दिया गया. इसके बाद पुलिस की टीम काफी सावधानी से आगे बढ़ी और फिर करीब तीन एकड़ में फैले अवैध अफीम की खेती को बरबाद करने में सफलता पायी.
इस मामले में पुलिस ने कड़ी कार्रवाई कर एफआइआर दायर किया है. इसके अलावा गांव के मुखिया, पंचायत समिति सदस्य, वार्ड सदस्य, ग्राम सदस्य, ग्राम प्रधान को नोटिस दिया गया है कि उन लोगों ने इस तरह की खेती को रोका क्यों नहीं और अगर उनके हाथ में रोकने का नहीं था तो पुलिस को सूचित क््यों नहीं किया. इस टीम में एएसपी अभियान पुरुषोत्तम कुमार, जगुवार बल के सहायक समादेष्टा संदीप कुमार, खरसावां थाना प्रभारी सनोज कुमार चौधरी, सीआरपीएफ, झारखंड जगुआर और जिला बल के जवान शामिल थे.







