
सरायकेला : सरायकेला-खरसवां पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. जहां जिला पुलिस ने आमदा ओपी क्षेत्र में बीते तीन जनवरी को भारत फाईनेंस कंपनी के कर्मचारी से करीब 70 हजार रुपए, मोबाईल फोन व अन्य कई सामान लूट मामले में आज खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने इनके पास से लूटे गये 18 हजार पांच सौ पचास रुपये, चार मोबाईल फोन, एक सैमसंग का टैब व कई सामान बरामद किया है. साथ ही एक देशी पिस्तौल, पांच जिंदा गोली और घटना में प्रयुक्त मोटरसाईकिल बरामद किया है.

वहीं इस सम्बंध में जानकारी देते हुए एसपी कार्तिक एस ने बताया कि बीते तीन जनवरी को आमदा ओपी के सोनाखंडी गांव के पुल के पास कलेक्शन कर लौट रहे भारत फाईनेंस कंपनी के कर्मी से हथियार के बल पर लूट हुई थी. जिसके बाद एसडीपीओ सरायकेला के नेतृत्व में छापेमारी टीम का गठन किया गया था, टीम द्वारा कार्रवाई करते हुए सभी की गिरफ्तारी हुई है साथ ही लूटे गये सामान बरामद किए गए हैं.






