सरायकेला : सरायकेला- खरसावां जिला के आदित्यपुर थाना अंतर्गत नेशनल इलेक्ट्रॉनिक के पीछे सालडीह रोड में झामुमो नेता गणेश महाली एवं कारोबारी अर्जुन सिंह वालिया- विवेक उपाध्याय के बीच एक जमीन को लेकर उपजे विवाद के बाद पुलिस एवं अंचल कार्यालय ने पिछले दिनों जांच पूरी होने तक यथास्थिति बनाए रखने का निर्देश दिया है. दोनों पक्षों को फैसला आने तक विवादित जमीन पर कब्जा करने अथवा कब्जा करने के प्रयास पर रोक लगाई गई है. (नीचे भी पढ़ें)
मगर पुलिस प्रशासन के आदेश को ताक पर रखते हुए झामुमो नेता ने अपने लोगों को विवादित जमीन में चोरी- छिपे प्रवेश करा दिया है. गुरुवार को इसकी भनक जब मीडिया को लगी तो विवादित जमीन में रह रहे दंपति ने खुलेआम गणेश महाली का नाम बताया और कहा कि उनके कहने पर ही वे यहां रह रहे हैं. वह मूल रूप से खरसावां के रहने वाले हैं. इससे ज्यादा और कुछ भी नहीं जानते. इधर अंचल अधिकारी से जब पूछा गया तो उन्होंने इसकी कोई जानकारी नहीं होने की बात कही. उन्होंने कहा कि यदि ऐसी बात है तो विधि- सम्मत कार्रवाई की जाएगी. अब सवाल यह उठता है कि आखिर किसके इशारे पर गणेश महाली ने नियम कानून को ताक पर रखकर यह कदम उठाया है. मालूम हो कि उक्त जमीन पर गणेश महाली और अर्जुन सिंह वालिया- विवेक उपाध्याय दावा कर रहे हैं. (नीचे भी पढ़ें)
दोनों ने अपने-अपने स्तर से दस्तावेज अंचल कार्यालय और पुलिस को उपलब्ध कराए हैं. मामले की जांच चल रही है. गणेश महाली के इस रुख की चर्चा पूरे विधानसभा में हो रही है. साथ ही पार्टी के अंदरखाने में भी विरोध के स्वर मुखर होने लगे हैं. कहीं आगामी निकाय चुनाव में पार्टी को इसका खामियाजा न भुगतना पड़े इसकी चिंता पार्टी नेताओं को सताने लगी है.




