सरायकेला : भीषण गर्मी के कारण लगातार बढ़ते तापमान के बीच आम लोगों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से सरायकेला अनुमंडल पदाधिकारी अभिनव प्रकाश की पहल पर बुधवार को सरायकेला के रानी सती मंदिर प्रांगण में मारवाड़ी युवा मंच, मारवाड़ी महिला समिति एवं चेंबर ऑफ कॉमर्स सरायकेला की ओर से “अमृत धारा” सेवा की शुरुआत की गई. एसडीओ श्री प्रकाश ने फीता काट कर जनसेवा की भावना से की गई इस महत्वपूर्ण पहल का उद्घाटन किया. (नीचे भी पढ़ें)

इस सेवा का उद्देश्य राहगीरों, मजदूरों, रिक्शा चालकों तथा बाजार आने-जाने वाले आम लोगों को भीषण गर्मी के इस दौर में शुद्ध एवं शीतल पेयजल उपलब्ध कराना है. इस पहल की लोगों ने जमकर सराहना की और इसे मानव सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण बताया. उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता, मारवाड़ी युवा मंच, मारवाड़ी महिला समिति और चैंबर के सदस्य उपस्थित रहे. (नीचे भी पढ़ें)

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसडीओ अभिनव प्रकाश ने कहा कि गर्मी के मौसम में इस प्रकार ऐसी सामाजिक पहल वास्तव में मानव सेवा का श्रेष्ठ उदाहरण है. उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ते तापमान के बीच समाज के विभिन्न संगठनों को आगे आकर जरूरतमंद लोगों की सहायता करनी चाहिए. उन्होंने मारवाड़ी युवा मंच की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल केवल पानी वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के प्रति संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का प्रतीक भी है. (नीचे भी पढ़ें)

वहीं नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि मारवाड़ी युवा मंच हमेशा सामाजिक कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाता रहा है. उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी में “अमृत धारा” जैसी पहल आम लोगों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है. कार्यक्रम छोटा है, लेकिन संदेश बहुत बड़ा है. इस प्रकार के कार्य समाज में सकारात्मक संदेश देने का कार्य करते हैं. उन्होंने अन्य सामाजिक संगठनों से भी आगे आकर जनहित में कार्य करने की अपील की. (नीचे भी पढ़ें)
मारवाड़ी युवा मंच के वर्तमान अध्यक्ष आशुतोष चौधरी ने अपने संबोधन में बताया कि बढ़ती गर्मी को देखते हुए लोगों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से इस सेवा की शुरुआत की गई है. उन्होंने कहा कि मंच आने वाले समय में भी इसी प्रकार समाजहित के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाता रहेगा. प्रांतीय संयोजक आकाश अग्रवाल ने अपने विचार रखते हुए कहा कि समाज सेवा के ऐसे कार्य संगठन की पहचान होते हैं. “अमृत धारा” जैसी पहल न केवल जरूरतमंदों को राहत देती है, बल्कि समाज में सेवा और सहयोग की भावना को भी मजबूत करती है. (नीचे भी पढ़ें)
इस अवसर पर चैंबर ऑफ कॉमर्स के अरुण सेकसरिया, संजय चौधरी, राजकुमार अग्रवाल, मारवाड़ी युवा मंच के अध्यक्ष आशुतोष चौधरी, प्रांतीय संयोजक आकाश अग्रवाल, ललित चौधरी सहित मंच के कई सदस्य एवं महिला समिति की रेखा सेकसरिया एवं कई गणमान्य लोग उपस्थित थे. कार्यक्रम के दौरान लोगों के बीच शीतल जल का वितरण भी किया गया.




