सरायकेला : नगर क्षेत्र में लगातार गहराते पेयजल संकट के समाधान के लिए सरायकेला नगर पंचायत की ओर से ठोस एवं दीर्घकालिक पहल की जा रही है. इसी क्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने बुधवार को वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण कर, प्लांट की वर्तमान कार्यप्रणाली, संसाधनों की स्थिति एवं जलापूर्ति व्यवस्था का मूल्यांकन किया. (नीचे भी पढ़ें)

निरीक्षण के दौरान नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी समीर बोदरा, मैकेनिकल इंजीनियर विक्की कुमार, सिटी मैनेजर सुमित सुमन, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता ललित इंदवार, सहायक अभियंता एमएल गिलुआ, वरिष्ठ कनीय अभियंता प्रकाश गुप्ता तथा नगर पंचायत उपाध्यक्ष अविनाश कवि सहित संबंधित अधिकारी एवं तकनीकी कर्मी उपस्थित रहे. निरीक्षण के क्रम में अध्यक्ष ने प्लांट में स्थापित मशीनों, उपकरणों, जल शोधन प्रक्रिया, वितरण प्रणाली एवं रखरखाव का अवलोकन किया. इसी दौरान उन्होंने मोटर रूम का भी निरीक्षण किया, जहां गर्मी में मोटरों के अत्यधिक गर्म होने की स्थिति पाई गई. इसका संज्ञान लेते हुए अध्यक्ष ने मोटर रूम के तापमान को नियंत्रित रखने के लिए तत्काल एयर कंडीशनर स्थापित करने का निर्देश दिया, ताकि मशीनों का सुचारू एवं सुरक्षित संचालन सुनिश्चित किया जा सके. (नीचे भी पढ़ें)
अध्यक्ष ने अधिकारियों को उपलब्ध संसाधनों, उपकरणों एवं तकनीकी आवश्यकताओं का समुचित आकलन कर एक विस्तृत सूची (इन्वेंट्री) तैयार करने का निर्देश दिया, ताकि भविष्य की कार्ययोजना को वैज्ञानिक एवं व्यवस्थित ढंग से क्रियान्वित किया जा सके. अध्यक्ष श्री चौधरी ने कहा कि नगर क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति को सुदृढ़, नियमित एवं पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से पेयजल एवं स्वच्छता विभाग से संपूर्ण जलापूर्ति प्रणाली को नगर पंचायत के अधीन हस्तांतरित करने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है. स्थानीय स्तर पर संचालन होने से समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित होगा, साथ ही जवाबदेही एवं निगरानी व्यवस्था भी अधिक प्रभावी हो सकेगी. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि हस्तांतरण उपरांत जलापूर्ति प्रणाली के संचालन, रखरखाव एवं मरम्मत के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर सुदृढ़ किया जाएगा, जिससे नगर वासियों को निर्बाध एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होना सुनिश्चित किया जा सके. इसके अतिरिक्त, जल वितरण तंत्र में सुधार, नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने एवं आपात स्थितियों में त्वरित कार्रवाई हेतु विशेष कार्ययोजना तैयार की जा रही है.




