
सरायकेला : वैश्विक महामारी का दौर अभी थमा नहीं है, लेकिन धीरे- धीरे लोग अब कोरोना के खौफनाक मंजर को पीछे छोड़ फिर से खुद को सामान्य बनाने की कवायद में जुट गए हैं. नए साल के पहले रविवार पर सरायकेला जिले के सरायकेला, खरसावां, राजनगर, सीनी एवं आसपास के पिकनिक स्पॉट सैलानियों से गुलजार नजर आए. जहां सैलानियों ने साल के पहले रविवार का जमकर लुत्फ उठाया. हालांकि पड़ोसी जिला जमशेदपुर में जिला प्रशासन द्वारा सख्ती बरते जाने के कारण सैलानियों ने सरायकेला का रुख किया और कोरोना का खौफ भूल जमकर पिकनिक का लुत्फ उठाया. साल के पहले रविवार को सरायकेला में खरकई नदी के तट पर लोगों ने जमकर पिकनिक का आनंद उठाया. इसके अलावा सरायकेला के मुख्य पिकनिक स्थल मिरगी चिंगड़ा में रविवार को पिकनिक मनाने वालों की काफी भीड़ देखी गयी. खरकई नदी के बीचों बीच स्थित इस रमणिक स्थल पर लोग सपरिवार पिकनिक मनाने पहुंचे तो कुछ लोग असापसा के स्पॉट पर सामुहिक रुप से पिकनिक मनाने पहुंचे. (नीचे भी पढ़ें)

पिकनिक मनाने आये सपरिवार एवं युवा वर्ग के समूह सभी ने अपने-अपने तरीके से पिकनिक का लुत्फ उठाया. पिकनिक में बैंडबाजा और डीजे की धुन पर युवाओं को जमकर ठुमके भी लगाते देखा गया. मजना घाट एवं तितिरबिला में भी ऐसा ही नजारा देखा गया. वहीं सीनी एवं आसपस के क्षेत्र में संजय नदी के तट पर भी सैलानी खूब लुत्फ उठाते देखे गए. संजय नदी पुल के दोनों ओर कई जगहों पर लोगों को पिकनिक मनाते देखा गया. मुख्य मार्ग पर स्थित होने के कारण सुरक्षा एवं सहूलियत को लेकर यहा के पिकनिक स्पॉट पर लोगों की भीड़ रही. इसके अलावा संजय नदी के तट पर रामबाबा आश्रम, चमारु, डोंडा आदि कई जगहों पर लोगों ने पिकनिक मनाया. इसके अलावा राजनगर के भीमखांदा, ठाकुर माता, खरसावां के आकर्षणी दरबार, माता ठाकुराणी दरोह समेत दर्जनों पिकनिक स्थलों पर नए साल के पहले रविवार को पिकनिक मनाने वाले सैलानियों की भीड़ देखी गयी. नदी के पानी में भी लोगों ने जमकर मस्ती की. सरायकेला के मुड़कुम में ग्रामीण एवं झामुमो के जिला उपाध्यक्ष भोला महंती नगर उपाध्यक्ष लिपु महंती, गोविंद डोगरा नित्यानंद परिछा, पंचायत समिति के सदस्य झिंगी सोरेन, सुरेश सुरेंन समेत काफी संख्या में ग्रामीणों ने पिकनिक में भाग लिया. गांव में काफी संख्या में बच्चे उत्साहित नजर आए. पिकनिक स्थलों पर सुरक्षा के लिहाज से बलों की तैनाती भी नजर आयी.












