जमशेदपुर: सरायकेला-खरसावां जिले में एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है, जिसने रिश्तों में भरोसे को झकझोर कर रख दिया है. सरायकेला-खरसावां थाना क्षेत्र में हुई इस वारदात में पत्नी द्वारा अपने ही पति की हत्या की साजिश रचने का मामला सामने आया है.पुलिस ने इस मामले में मृतक बाधा सरदार की पत्नी सुनीता सरदार (38), उसके भाई सोमा मुण्डा उर्फ सुगु, तथा सहयोगी बौर सिंह मुण्डा और बिरा मुण्डा को गिरफ्तार किया है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घरेलू प्रताड़ना से तंग आकर पत्नी ने अपने पति की हत्या की योजना बनाई और अपने भाई व अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिलाया.(नीचे भी पढ़े)
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को दबोच लिया. गिरफ्तारी के दौरान आरोपियों के पास से हत्या में प्रयुक्त खून से सना फरसा, एक स्कूटी और चार मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं, जो इस साजिश की पुष्टि करते हैं.एसडीपीओ समीर कुमार सवैंया ने बताया कि हत्या पूरी तरह से सुनियोजित थी और इसे बेहद साजिशन तरीके से अंजाम दिया गया. उन्होंने कहा कि मामले की गहन जांच जारी है और अन्य संभावित पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है. पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी सोमा मुण्डा का आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ पहले से कई गंभीर मामले दर्ज हैं.इस पूरे मामले के खुलासे के लिए पुलिस ने विशेष टीम का गठन किया था, जिसमें थाना प्रभारी, ओपी प्रभारी, रिजर्व गार्ड और अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल है, जहां एक पत्नी द्वारा रची गई इस खौफनाक साजिश ने सभी को हैरान कर दिया है.







