
सरायकेला : सरायकेला- खरसावां जिला प्रशासन की ओर से कोरोना महामारी की दूसरी लहर को लेकर व्यवसायियों और आम लोगों के बीच मचे ऊहापोह की स्थिति को देखते हुए सरायकेला-खरसावां चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रतिनिधियों साथ बैठक कर लोगों और व्यवसायियों के मन में उठ रही दुविधा का निराकरण किया गया. सरायकेला एसडीओ रामकृष्ण कुमार ने बताया कि कुछ व्यवसायियों और कारोबारियों के बीच भ्रांतियां हो रही थी. इसको लेकर यह बैठक की गयी, ताकि व्यवसायियों और कारोबारियों के साथ आम लोगों तक यह संदेश जा सके कि कहीं से भी लॉकडाउन जैसी परिस्थिति नहीं है. वैश्विक महामारी की दूसरी लहर को देखते हुए जरूरी एहतियात बरते जाने की नसीहत दी गई है. सरकारी गाइडलाइन के अनुसार रात्रि 8:00 बजे से लेकर सुबह 6:00 बजे तक व्यवसायिक प्रतिष्ठानों को बंद रखने का निर्देश प्राप्त हुआ है, जिसका अनुपालन कराए जाने को लेकर व्यवसायियों को जागरूक किया गया. रविवार को लॉकडाउन या जनता कर्फ्यू जैसी संभावना से एसडीओ ने इनकार किया. उन्होंने आम लोगों से कोरोना के बढ़ते फैलाव को देखते हुए अधिक से अधिक सावधानियां बरतने की अपील की जिससे कम से कम जान माल का नुकसान हो.












