जमशेदपुर: सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी में एक आदिवासी युवती के साथ कथित मारपीट और बल प्रयोग के मामले में पुलिस विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है. मामले की जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने के बाद कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार को पद से हटा दिया गया है, जबकि उनके समेत तीन पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है.जानकारी के अनुसार 15 जून को चांडिल थाना क्षेत्र के कांदरबेड़ा पुनर्वास कॉलोनी की एक आदिवासी युवती के साथ कपाली ओपी में पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों द्वारा कथित हिंसा एवं बल प्रयोग किए जाने का मामला सामने आया था. (नीचे भी पढे)
घटना के बाद मामला तूल पकड़ने लगा, जिसके बाद पुलिस अधीक्षक ने इसकी जांच चांडिल के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) को सौंपी.जांच के दौरान कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार, सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) मोहम्मद मुकलेसुर रहमान तथा महिला आरक्षी कंचन की भूमिका संदिग्ध पाई गई. जांच रिपोर्ट के आधार पर पुलिस अधीक्षक ने तीनों पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश जारी किया.पुलिस विभाग की इस कार्रवाई को मामले में जवाबदेही तय करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है. मामले की आगे की जांच जारी है.







