सरायकेला : सरायकेला खरसावां थाना क्षेत्र के टांगरानी गांव में शुक्रवार सुबह एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां 40 वर्षीय आलोक पड़ीहारी ने पंखे के सहारे फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली. मृतक आइडीबीआई बैंक की सरायकेला शाखा में कर्मचारी के पद पर कार्यरत थे. घटना की खबर से इलाके में शोक की लहर दौड़ गयी है. (नीचे भी पढ़ें)
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह आलोक पड़ीहारी अपने दैनिक कार्यों में सामान्य रूप से व्यस्त थे. उन्होंने स्नान करने के बाद अपने बच्चों को स्कूल छोड़ा और घर लौटकर नाश्ता किया. नाश्ता करने के बाद परिवार के अन्य सदस्य स्नान के लिए पास की नदी चले गए. इसी दौरान आलोक पड़ीहारी घर में अकेले थे. बताया जा रहा है कि इसी समय उन्होंने घर की छत पर लगे पंखे में साड़ी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली. (नीचे भी पढ़ें)
जब परिजन स्नान कर वापस लौटे तो उन्होंने आलोक पड़ीहारी को फंदे से लटका हुआ देखा. यह दृश्य देख परिजनों में अफरा-तफरी मच गयी. आनन-फानन में परिजनों ने उन्हें नीचे उतारा और तत्काल सदर अस्पताल, सरायकेला लेकर पहुंचे, जहां मौजूद चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
घटना की सूचना मिलते ही सरायकेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. फिलहाल आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट रूप से पता नहीं चल पाया है. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है और हर पहलु से मामले की जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा.



